Mauganj MP:मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन: एक ही मंडप में परिणय सूत्र में बंधेंगे जोड़े, सांसद जनार्दन मिश्र होंगे मुख्य अतिथि!
मऊगंज। गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह का सपना साकार करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत आज 20 नवंबर को मऊगंज में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में पात्र हितग्राहियों की विवाह योग्य कन्याओं का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज में दोपहर 12:30 बजे से होगा। सम्मेलन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
सांसद जनार्दन मिश्र होंगे मुख्य अतिथि
सामूहिक विवाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि रीवा सांसद जनार्दन मिश्र होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता देवतालाब विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्र शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
इसके अलावा जनपद पंचायत अध्यक्ष मऊगंज श्रीमती नीलम सिंह, हनुमना जनपद अध्यक्ष गोविंद नारायण तिवारी, नईगढ़ी जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता कुंजबिहारी तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल, हनुमना नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता (सोनू) तथा नईगढ़ी नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती नागिता गुप्ता भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।
गरीब परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजना का लाभ दिया जाता है।
मऊगंज में आयोजित यह सम्मेलन जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। अब सभी की निगाहें आयोजन की तैयारियों और विवाह समारोह में शामिल होने वाले नवयुगलों पर टिकी हैं।
कार्यक्रम स्थल: शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज
दिनांक: 20 नवंबर 2026
समय: दोपहर 12:30 बजे से




