Mauganj MP:जल जीवन मिशन की दो ग्राम नल जल योजनाएं पंचायतों को हस्तांतरित, अब ग्रामीणों को घरों तक मिलेगा स्वच्छ पेयजल!
विधायक गिरीश गौतम की मौजूदगी में जमुहरा नंबर-1 और बड़ी बराती में हुआ हस्तांतरण, पेयजल का स्वाद चखकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मऊगंज। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में मऊगंज जिले में एक और कदम बढ़ाया गया है। जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत जमुहरा नंबर-1 एवं बड़ी बराती में पूर्ण हो चुकी एकल ग्राम नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर दिया गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह हस्तांतरण प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस अवसर पर विधायक गिरीश गौतम ने कहा कि जल महोत्सव कार्यक्रम के तहत नल जल योजना का ग्राम पंचायत को हस्तांतरण ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है। योजना के माध्यम से अब ग्रामीणों को नल के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता ग्रामीण जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे लोगों को पेयजल की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक गौतम ने नल से मिलने वाले पेयजल का स्वाद भी चखा और योजना की व्यवस्था का जायजा लिया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत पुनरीक्षित एकल ग्राम नल जल योजनाओं का कार्य पूर्ण होने के बाद इन्हें पंचायतों को सौंपा गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर पेयजल व्यवस्था का संचालन एवं रखरखाव किया जा सके।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम इन्द्रपाल सिंह, जनपद पंचायत मऊगंज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी परमानंद तिवारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री संजय पाण्डेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अब पंचायतों के सामने संचालन और नियमित जलापूर्ति की जिम्मेदारी
योजनाओं के हस्तांतरण के बाद ग्रामीणों को नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना पंचायतों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। योजना का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रहे और पाइपलाइन, टंकी एवं अन्य उपकरणों का नियमित रखरखाव किया जाए।




