Sidhi MP:जीतू पटवारी के सीधी दौरे में दिखी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत, हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे बृजेंद्र शुक्ला
सुपेला से राजौरी तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ रहे देवतालाब के पूर्व जनपद अध्यक्ष, इंद्रजीत पटेल की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि, न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध का मुद्दा भी उठा
मऊगंज। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र के सुपेला एवं राजौरी दौरे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी देखने को मिली। इस दौरान देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के पूर्व जनपद अध्यक्ष बृजेंद्र शुक्ला भी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। पूरे दौरे में उनकी सक्रिय मौजूदगी चर्चा का विषय रही।
सुपेला में पूर्व मंत्री स्वर्गीय इंद्रजीत पटेल की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्वर्गीय पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने इंद्रजीत पटेल के राजनीतिक जीवन, जनसेवा और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजौरी में न्यूक्लियर पावर प्लांट का विरोध, राहुल गांधी को बुलाने की पहल
सुपेला कार्यक्रम के बाद जीतू पटवारी का काफिला राजौरी पहुंचा। यहां प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं और विरोध का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को भी प्रभावित क्षेत्र में आमंत्रित करने का प्रयास करने की बात कही, ताकि स्थानीय लोगों की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया जा सके।
बृजेंद्र शुक्ला की मौजूदगी ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल
जीतू पटवारी के इस दौरे में देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के पूर्व जनपद अध्यक्ष बृजेंद्र शुक्ला हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। सुपेला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम से लेकर राजौरी में न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध से जुड़े कार्यक्रम तक उनकी मौजूदगी बनी रही।
उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया। क्षेत्रीय राजनीति में इस भागीदारी को कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।




