Bhopal MP:पटवारियों को अब नियुक्ति वाले गांव में ही करना होगा निवास, रात में पंचायत मुख्यालय पर रुकना अनिवार्य; CM हेल्पलाइन की शिकायत पर होगी कड़ी कार्रवाई!
भोपाल। मध्य प्रदेश में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पटवारियों की कार्यशैली और उनके मुख्यालय पर उपलब्धता को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। अब पटवारियों को अपने नियुक्ति वाले गांव में ही निवास करना होगा और ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि विश्राम करना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यदि कोई पटवारी अपने नियुक्ति स्थल पर रहने के बजाय शहर से रोजाना आना-जाना करता है और इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित पटवारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पटवारियों की तलाश में परेशान न होना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं मिल सकें।
नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ विभाग है। नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे महत्वपूर्ण मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इन प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबे समय से लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही राजस्व कार्यों में तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए और प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की भी ली जाए मदद
मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के निराकरण में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की सहायता लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व प्रकरणों का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए और लापरवाही या अनावश्यक देरी के मामलों में जिम्मेदारी तय की जाए।
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बाद प्रदेश के राजस्व अमले में पटवारियों की मुख्यालय पर उपस्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्धता और लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव दिखाई देता है।





