Rewa news:एक कमरे में लग रहीं तीन कक्षाएं, कलेक्टर ने प्राचार्य को निलंबित करने दिया आदेश!

Rewa news:एक कमरे में लग रहीं तीन कक्षाएं, कलेक्टर ने प्राचार्य को निलंबित करने दिया आदेश!
रीवा. कलेक्टर प्रतिभा पाल शुक्रवार को रायपुर कर्चुलियान तहसील मुख्यालय पहुंच गईं। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, हायर सेकेंडरी स्कूल, आजीविका मिशन कार्यालय तथा उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। स्कूल में पठन पाठन सहित अन्य व्यवस्थाएं खराब मिलने पर विद्यालय के प्राचार्य को निलंबित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्वीकृत नवीन भवन का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि नए भवन का निर्माण इस तरह से करें कि पुराने भवन का भी समुचित उपयोग किया जा सके। कलेक्टर ने आजीविका मिशन कार्यालय का निरीक्षण करते हुए आजीविका मिशन की गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर कर्चुलियान का निरीक्षण किया। प्राचार्य सहित तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने परिसर में संचालित विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया। कक्षा दसवीं में दर्ज 50 में से केवल 6 छात्राएं उपस्थित मिलीं। कलेक्टर ने छात्राओं से कहा कि बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। समय का पूरा उपयोग परीक्षाओं की तैयारी में करें। बिना किसी डर के पेपर हल करें।
खाद्यान्न की तौल कराई
कलेक्टर ने ग्राम सिरखिनी में उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। दो राशन कार्डधारियों को प्राप्त खाद्यान्न की तौल कराई। खाद्यान्न सही मात्रा में मिला। हितग्राही ने बताया कि हर महीने 10 से 15 तारीख तक अनाज मिल जाता है। कलेक्टर ने खाद्यान्न की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया। खाद्यान्न ठीक गुणवत्ता का पाया गया।
कलेक्टर ने माध्यमिक खंड का निरीक्षण किया। एक ही कमरे में कक्षा 6, 7 और 8 की संयुक्त कक्षा चल रही थीं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य तथा शिक्षकों को अलग-अलग कक्षों में कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कक्षा 6 की छात्राओं से किताबें पढवाईं। अच्छे से किताब पढऩे पर पीठ थपथपाई। विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था ठीक न होने, कक्षाओं का ठीक से संचालन न होने तथा शिक्षकों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने प्राचार्य संजय सक्सेना को निलंबित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को अनुपस्थित शिक्षकों रमेश कुमार मिश्रा, जयश्री सिंह, रजनीश कुमार उपाध्याय के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।