Mauganj MP:शाहपुर थाने में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, सरदार पटेल के योगदान से कराया अवगत!
मऊगंज/शाहपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को शाहपुर थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रामदीन सिंह के साथ पुलिस स्टाफ और क्षेत्र के ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में टीवी के माध्यम से उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं ग्रामीणों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराया गया। विशेष रूप से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल की भूमिका पर जानकारी दी गई।
रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी
कार्यक्रम में बताया गया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रशासनिक क्षमता और कुशल नेतृत्व के माध्यम से देश की अनेक रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इसी ऐतिहासिक योगदान के चलते उन्हें ‘लौह पुरुष’ के रूप में जाना जाता है।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश
इस अवसर पर थाना प्रभारी रामदीन सिंह एवं पुलिस स्टाफ ने लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की संप्रभुता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सहभागिता भी रही।
पुलिस की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित कराने के साथ-साथ लोगों में आपसी भाईचारा, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्य एवं समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा।





