MP news:हैवानियत की हदें पार, कटनी में महिला के चेहरे पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां छैगरा में मंगलवार की रात को एक महिला के चेहरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते हुए जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है, जबकि मुख्य आरोपित फरार है। जानकारी के अनुसार मझगवां छैगरा निवासी संतरा बाई पति दुर्जन लाल कोल, 50 साल मंगलवार-बुधवार की रात लगभग एक बजे अपने घर पर थी। तभी मोहल्ले का ही निवासी भोला कोल वहां पहुंचा और पुराने जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित भोला ने एक बोतल से पेट्रोल अपने मुंह में भरा और अचानक संतरा बाई के चेहरे पर छिड़क दिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपित ने माचिस जलाकर उसे आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू किया, तो उसकी आवाज सुनकर घर के भीतर सो रही बहू तुरंत बाहर भागी। बहू को आता देख भोला कोल मौके से फरार हो गया। स्वजनों ने आनन-फानन में आग बुझाई और झुलसी हुई महिला को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। बताया जाता है कि महिला के परिवार व भोला के परिवार को जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। साथ ही गांव के ही मोनू रैकवार, राज रैकवार और पीड़िता का दामाद देवीदीन एक ही कंपनी में काम करते थे, जहां उनके बीच विवाद हुआ था और इसी दोनों बातों को लेकर भोला रात को विवाद करने पहुंचा था। पुलिस ने मामले में मोनू व राज को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर आरोपित भोला कोल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसकी तलाश की जा रही है।





