Rewa MP:NDPS के फरार आरोपी पर पुलिस मेहरबान? 10 महीने से गिरफ्त से दूर आदित्य मिश्रा, कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल!
सम्पत्ति पर कार्यवाही करने से पीछे क्यूँ हट रही है पुलिस? प्रशासन सवालों के घेरे में
रीवा। मनगवां थाना क्षेत्र में एनडीपीएस (NDPS) के एक गंभीर मामले में नामजद आरोपी आदित्य मिश्रा की 10 महीने से अधिक समय तक गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार है, इसके बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ने में असफल रही है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने हाल ही में आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें उसे फरार बताया गया है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आरोपी रीवा और मनगवां क्षेत्र में ही रहकर खुलेआम अपना कारोबार संचालित कर रहा है।
आरोप है कि आदित्य मिश्रा क्षेत्र का एक कुख्यात गांजा तस्कर है, जिसका नेटवर्क काफी मजबूत बताया जा रहा है। उसका *करीबी सहयोगी संजय पटेल (निवासी कुइया) भी एनडीपीएस मामलों का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।* संजय पटेल के खिलाफ मनगवां, रायपुर कर्चुलियान सहित जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह भी फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह जोड़ी गांजा और कोरेक्स जैसे नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार में लंबे समय से सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक वर्ष से फरार इन आरोपियों के खिलाफ अब तक न तो ठोस गिरफ्तारी हो सकी है और न ही उनकी संपत्ति जब्ती की प्रभावी कार्रवाई की गई है। इससे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों की सच्चाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में नशे का कारोबार और अधिक फैल सकता है।





