Rewa MP:सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ दिखाना पड़ा महंगा अवैध पिस्टल के साथ रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने उतारा भाईगिरी का नशा!
रतहरी नहर के पास से समान थाना पुलिस ने दबोचा 2 दिन पहले वायरल हुआ था बाइक पर पिस्टल लहराने का वीडियो
रीवा। सोशल मीडिया में अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल कर भाईगिरी दिखाने वाले युवक को समान थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है।
बाइक पर पिस्टल-बेसबॉल बैट के साथ बनाया था वीडियो, 2 दिन पहले वायरल हुई थी रील
पकड़ा गया आरोपी सिरमौर निवासी दिनेश गिरी है, जो फिलहाल समान थाना क्षेत्र के संजय नगर में रहता है। 2 दिन पूर्व इसका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें आरोपी चलती मोटरसाइकिल पर सवार होकर हाथ में पिस्टल लहराते हुए वीडियो कॉल पर दिख रहा था। वीडियो में दो युवक बेसबॉल का डंडा और पिस्टल लेकर भौकाल मचा रहे थे।
रतहरी नहर के पास मचा रहा था उत्पात, सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश
समान थाना पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि रतहरी नहर के पास एक युवक पिस्टल की नोक पर उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी दिनेश गिरी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, हथियार कहां से आया, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध पिस्टल कहां से आई और वीडियो बनाने में उसका साथ देने वाला दूसरा युवक कौन था।
पुलिस की अपील, हथियार का प्रदर्शन पड़ेगा भारी
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि ऐसे वीडियो की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





