Rewa MP:लोही पुल के नीचे चली गोली का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार!
रीवा। बिछिया थाना क्षेत्र के लोही पुल के नीचे हुई गोली चलने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को एसजीएमएच रीवा से सूचना मिली थी कि कृष्णा नगर निवासी एक युवक गोली लगने से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिछिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि 13 मार्च की रात करीब 10:15 बजे कृष्णा नगर निवासी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह अपने साथी के साथ घर पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पिस्टल चेक करते समय अचानक गोली चल गई, जिससे उसका साथी मुकेश पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए एसजीएमएच में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 110 बीएनएस तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद देशी पिस्टल भी बरामद की गई है।
आरोपी का नाम: प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह (20 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, चिरहुला, थाना बिछिया, जिला रीवा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिछिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का शीघ्र खुलासा होने पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।





