Rewa MP:पुराने थाना परिसर के कुएं में मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी!
वार्ड-14 हनुमान तिराहा के पास शुक्रवार को मिली लाश; मृतक की पहचान संजय कोल के रूप में, पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया संदिग्ध नहीं
रीवा। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-14 में हनुमान तिराहा के पास स्थित पुराने थाना परिसर के एक कुएं में शुक्रवार को अज्ञात नवयुवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुएं में लाश उतराती देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया।
संजय कोल के रूप में हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान संजय कोल के रूप में हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, फिर भी मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक कुएं तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।





