Rewa MP:वर्दी के बिना वसूली का संगीन आरोप रीवा सिटी कोतवाली का आरक्षक पुन विवादों के घेरे में!
शराब दुकानों से अवैध धन उगाही का आरोप नागरिकों का दावा- वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में कर रहा मनमानी
रीवा। शहर की कानून व्यवस्था की साख पर एक बार फिर प्रश्नचिह्न लग गया है। सिटी कोतवाली में तैनात एक आरक्षक पर बिना वर्दी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त आरक्षक का विवादों से पुराना संबंध है और वह शराब दुकानों से भी कथित तौर पर धन की मांग करता है।
आदत से लाचार आरक्षक, पूर्व में हो चुका निलंबित
जानकारी के अनुसार संबंधित आरक्षक अपनी आदत से लाचार है और पूर्व में भी अपनी हरकतों के कारण निलंबित हो चुका है। इसके बावजूद उसकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है।
वरिष्ठों के संरक्षण का आरोप
नागरिकों का आरोप है कि संबंधित आरक्षक वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में स्वेच्छाचारिता कर रहा है। बिना वर्दी आम जनता पर दबाव बनाना और रौब दिखाना उसकी कार्यशैली का हिस्सा बन गया है, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है।
पहले भी सुर्खियों में रहा
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व भी यही आरक्षक विवादों में आया था। एक अर्धविक्षिप्त महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठे थे।
जवाबदेही तय हो
एक बार फिर गंभीर आरोप लगने के बाद शहरवासी यह जानना चाहते हैं कि आखिर किसके संरक्षण में वह वर्दी के बिना नागरिकों पर दबदबा बनाता फिर रहा है। लोगों ने पुलिस विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की है, ताकि पुलिस की प्रतिष्ठा पर लगे आक्षेपों को दूर किया जा सके।





