Rewa MP:78 साल के बुजुर्ग से मारपीट कर कोरे स्टांप पर कराए दस्तखत, UPI से उड़ाए 3.47 लाख!
जनसुनवाई में पहुंचा मामला गोविंदगढ़ के लक्ष्मीनारायण गौतम का आरोप,मोबाइल छीनकर बैंक खाते से निकाले पैसे थाना, SP, IG में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
रीवा। जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के घुरेहटी निवासी 78 वर्षीय लक्ष्मीनारायण गौतम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल की रात अभिलाष गौतम और वीरेश गौतम ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने का प्रयास किया और जबरन कोरे स्टांप पर अंगूठा व हस्ताक्षर कराए।
मोबाइल छीनकर खाते से निकाले 3.47 लाख
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उनका मोबाइल फोन भी ले गए, जिसमें बैंक खाते से लिंक सिम लगी थी। मोबाइल और सिम के दुरुपयोग से उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से करीब 3 लाख 47 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली गई।
साइबर जांच और खाता फ्रीज करने की मांग
लक्ष्मीनारायण ने मामले की साइबर जांच कराने, संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करने तथा मुख्य आरोपी का नाम एफआईआर में जोड़ने की मांग की है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
पहले भी कर चुके हैं शिकायत
पीड़ित ने बताया कि इससे पहले उन्होंने मामले की शिकायत गोविंदगढ़ थाने, रीवा एसपी और आईजी के पास भी की थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जनसुनवाई में शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है।





