Rewa MP:कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लापरवाही बरतने वाले 20 अधिकारियों को दिया नोटिस!
रीवा।कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले 20 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिया है। नोटिस का तीन दिन की समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण में रूचि न दिखाने तथा लंबित प्रकरणों पर तत्परता से कार्यवाही न करने के कारण नोटिस दिया है। कलेक्टर ने कहा है कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के संबंध में हर सप्ताह अधिकारियों को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए जा रहे हैं। इन अधिकारियों द्वारा निर्देशों की लगातार अवहेलना की जा रही है जो सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में इनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है। सुशासन में बाधा डालने के प्रयासों को अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि सहायक उद्यानिकी सुश्री दीक्षा, सहायक संचालक पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण सुमन द्विवेदी, प्राचार्य आयुर्वेद महाविद्यालय डॉ. दीपक कुलश्रेष्ठ, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना रीवा ग्रामीण सपना राम तिवारी तथा प्राचार्य माडल साइंस कालेज डॉ. रवीन्द्रनाथ तिवारी को नोटिस दिया गया है। इसी तरह तहसीलदार त्योंथर राजेश तिवारी, तहसीलदार हुजूर नगर अनुपम पाण्डेय, तहसीलदार मनगवां आंचल अग्रहरी, तहसीलदार जवा जीतेन्द्र तिवारी, तहसीलदार हुजूर ग्रामीण शिवशंकर शुक्ला तथा सहायक आयुक्त आबकारी अनिल जैन को नोटिस दिया गया है। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लापरवाही बरतने पर सीईओ जनपद जवा सुलभ सिंह पुसाम, जूनियर इंजीनियर ऊर्जा विभाग सिरमौर अभिलाष सिंह परिहार, बीएमओ त्योंथर डॉ. एसडी कोल, सीईओ जनपद रायपुर कर्चुलियान प्रदीप दुबे, सीईओ त्योंथर प्रवीण बसोड़ को भी नोटिस दिया गया है। इसी तरह सीएमओ चाकघाट शंखधर पाण्डेय, उप संचालक पशुपालन डॉ. वाईपी सिंह, कार्यपालन यंत्री पीएचई चित्रांशु उपाध्याय तथा जेई ऊर्जा रायपुर कर्चुलियान शंकर जय किशन मिश्रा को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।





