Rewa MP:शहर को जल्द मिलेगा सबसे लंबा फ्लाई ओवर! कॉलेज चौराहा से ढेका तक 2.3 KM लंबा ब्रिज बनेगा, 150 करोड़ की लागत, 21 अक्टूबर को खुलेगा टेंडर!
डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ला के प्रयास से मिली थी स्वीकृति, भोपाल स्तर से टेंडर प्रक्रिया शुरू, 36 महीने में होगा तैयार, 10 साल तक कंपनी ही करेगी मेंटेनेंस, शहर को जाम से मिलेगी बड़ी राहत
रीवा। रीवा शहर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर को जल्द ही सबसे लंबा फ्लाई ओवर मिलने वाला है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के प्रयास से रीवा को नई पहचान देगा यह प्रोजेक्ट। केन्द्रीय मंत्री ने 2 किमी लंबे फ्लाई ओवर के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की थी, अब स्वीकृति जमीन पर उतरने वाली है।
भोपाल से जारी हुई टेंडर प्रक्रिया
भोपाल स्तर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 36 महीने में यह फ्लाईओवर बन कर तैयार हो जाएगा। यानि आने वाले अगले तीन सालों में रीवा को सबसे लंबा फ्लाई ओवर मिल जाएगा। आपको बता दें कि रीवा धीरे धीरे फ्लाईओवर का शहर बनता जा रहा है। चंद सालों में ही रीवा में कई ओवर ब्रिज बन कर तैयार हो गए। सिरमौर चौराहा, समान, रेलवे ओवर ब्रिज यह सारे एक ही रोड पर बने हुए हैं। इसके अलावा एक फ्लाईओवर रतहरा में भी बन रहा है। तीन बन गए, चौथे का निर्माण शुरू हो गया है, वहीं पांचवा भी पाइप लाइन में आने वाला है। PWD ब्रिज भोपाल ने टेंडर जारी कर दिया है।
कॉलेज चौराहा से ढेका तक होगी लंबाई
यह ओवर ब्रिज रीवा का सबसे लंबा ओवर ब्रिज होगा। कॉलेज चौराहा के पास कमिश्नर बंगला के सामने से शुरू होगा। यहां 2 किमी 300 मीटर लंबाई पूरी तरह ढेका तिराहा तक पार करते हुए विष्णु विलास होटल के सामने खत्म होगा। यानि जो भी इस ब्रिज पर चढ़ेगा वह बस स्टैंड, बीहर पुल पार करते हुए सारे चौराहों के बाद निकलेगा। इस ब्रिज के बनने से लोगों को जो जाम वाली समस्या से जूझना पड़ता था, उससे राहत मिल जाएगी।
21 अक्टूबर को ओपन होगा टेंडर
टेंडर ओपन करने का समय 21 अक्टूबर निर्धारित किया गया है। टेंडर भरने के लिए कंपनियों को 16 अक्टूबर तक का समय दिया है। इसके बाद बिड ओपन किया जाएगा। यह फ्लाई ओवर पूरी तरह से एपीसी मोड में बनेगा। इस ब्रिज को बनाने के लिए 136 करोड़ का टेंडर निकाला गया है। इसमें 18 फीसदी जीएसटी अलग से दिया जाएगा। यानि इसकी कुल लागत 150 करोड़ के आसपास पहुंच जाएगी।





