Rewa MP: औचक निरीक्षण के दौरान नशे में पाए गए प्राचार्य को कलेक्टर ने किया निलंबित!
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने हायर सेकण्डरी स्कूल महसांव का निरीक्षण कर पाई कई कमियां
रीवा । जन विश्वास अभियान के तहत नगर परिषद गुढ़ में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा अन्य अधिकारी सामान्य बस से शिविर स्थल में पहुंचे। रीवा से गुढ़ जाते हुए कलेक्टर ने शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल महसांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कमियाँ पाई गईं। स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं की जीव विज्ञान तथा कक्षा छठवीं की हिन्दी विषय की पुस्तकों का अब तक वितरण नहीं हुआ है। स्कूल के 9 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की ई केवाईसी लंबित पाई गई। स्कूल परिसर तथा इसके पुराने भवन के पीछे जल भराव पाया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल के प्रभारी प्राचार्य शराब के नशे में होने के कारण स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाए। कलेक्टर ने प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाते हुए मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी को प्राचार्य की मेडिकल जाँच कराने एवं उनके विरूद्ध निलंबन का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तक वितरण तथा छात्रवृत्ति वितरण के प्रभारी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुराने भवन के पीछे जल भराव को दूर करने के लिए जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रीवा पूनम दुबे ने बताया कि पानी की निकासी की अस्थाई व्यवस्था करा दी गई है। बारिश रूकने पर पुलिया का निर्माण कराकर पानी की निकासी की स्थाई व्यवस्था कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्कूल में साफ-सफाई का भी अभाव पाया गया। मुख्य भवन के बगल में वर्ष 2019 से निर्माणाधीन अधूरा शौचालय भवन पाया गया। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को इस संबंध में प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ग्राम पतौता और पुरास के ग्रामीणजनों से जनसंवाद किया। कलेक्टर ने फोरलेन निर्माण के कारण सरकारी जमीन से हटाए गए परिवारों को ग्राम पुरास में आबादी भूमि में आवासीय पट्टे देने के निर्देश एसडीएम को दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम सुधाकर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा, नायब तहसीलदार विनयमूर्ति शर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





