Maihar MP:अमरपाटन SDOP ख्याति मिश्रा के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत, जांच शुरू!
मैहर। अमरपाटन की एसडीओपी ख्याति मिश्रा के विरुद्ध पद के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों को लेकर राज्य लोकायुक्त संगठन, भोपाल में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। शिकायत मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के अधिवक्ता आर.के. सोनी द्वारा की गई बताई जा रही है।
शिकायत में एसडीओपी ख्याति मिश्रा की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न आरोप लगाए गए हैं। लोकायुक्त द्वारा शिकायत पंजीबद्ध किए जाने के बाद मामले की जांच प्रारंभ होने की बात कही गई है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच और उनके अंतिम निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।
पहले भी की जा चुकी है शिकायत
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता आर.के. सोनी द्वारा एसडीओपी अमरपाटन की निर्धारित मानक ऊंचाई से कम हाइट होने के संबंध में भी शासन स्तर पर शिकायत की गई थी, जो फिलहाल लंबित बताई जा रही है। इस शिकायत पर संबंधित विभाग की ओर से क्या निर्णय लिया गया है, इसकी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
कटनी के पूर्व एसपी के खिलाफ भी लोकायुक्त में शिकायत
अधिवक्ता आर.के. सोनी द्वारा इससे पूर्व कटनी के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के विरुद्ध भी लोकायुक्त भोपाल में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई थी। उक्त शिकायत पर भी लोकायुक्त द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है।
लगातार शिकायतों से पुलिस महकमे में चर्चा
अधिवक्ता आर.के. सोनी द्वारा पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें किए जाने से यह मामला पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिन अधिकारियों की कार्यप्रणाली से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होती है, उनके विरुद्ध नियमानुसार जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा के विरुद्ध लगाए गए आरोप फिलहाल शिकायत और जांच के स्तर पर हैं। लोकायुक्त जांच पूरी होने तथा सक्षम स्तर से निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।





