🕒 Updated: 06 Oct 2026, 04:33 PM
Mauganj MP:पत्रकारों ने खोला मोर्चा: एसपी के खिलाफ आईजी से शिकायत, समाधान नहीं हुआ तो भोपाल की तैयारी!
मऊगंज। मऊगंज में पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच चल रहा विवाद अब जिला स्तर से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। थाना प्रभारी राम सिंह को लेकर उठे विवाद और कथित तौर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज मऊगंज प्रेस क्लब के पत्रकारों ने अब पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायत रखने की तैयारी शुरू कर दी है। पत्रकारों द्वारा रीवा आईजी गौरव राजपूत को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।
पत्रकारों का आरोप है कि थाना प्रभारी राम सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें और कार्रवाई की मांग उठाए जाने के बावजूद पुलिस अधीक्षक स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर पत्रकारों ने पहले मऊगंज कलेक्टर, जिले के जनप्रतिनिधियों और भाजपा प्रदेश नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
बुधवार को होगी पत्रकारों की अहम बैठक
इसी क्रम में बुधवार को मऊगंज के पत्रकारों की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है। बैठक में पुलिस प्रशासन के साथ चल रहे विवाद, अब तक किए गए प्रयासों और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसी बैठक में रीवा आईजी को ज्ञापन सौंपने की तारीख और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने की बात कही जा रही है।
पत्रकारों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पत्रकारों की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और संस्थागत स्तर पर समाधान सुनिश्चित कराना है।
आईजी के बाद भोपाल तक पहुंच सकता है मामला
पत्रकारों ने स्पष्ट किया है कि यदि रीवा आईजी स्तर पर भी उनकी शिकायत का समाधान नहीं हुआ तो मामला प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। इसके तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जाएगी।
पत्रकारों का दावा है कि इस मामले में रीवा और भोपाल के पत्रकारों से भी समर्थन मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में स्थानीय स्तर से शुरू हुआ विवाद आने वाले दिनों में राजधानी भोपाल तक पहुंच सकता है।
समझाइश के प्रयासों के बावजूद नहीं थमा विवाद
पुलिस और पत्रकारों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन की ओर से मामले को सुलझाने के प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। लेकिन पुलिस अधीक्षक द्वारा कोई निर्णय नही लिया गया और न ही कोई जवाब दिया गया पत्रकारों का कहना है कि इन प्रयासों के बावजूद विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
पत्रकारों का आरोप है कि समय रहते मामले का समाधान नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। अब निगाहें बुधवार को होने वाली पत्रकारों की बैठक और उसके बाद आईजी को सौंपे जाने वाले ज्ञापन पर टिकी हैं।





