Mauganj MP:तहसील कार्यालय में कलेक्टर संजय कुमार जैन का निरीक्षण, लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश!
मऊगंज। कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने मऊगंज तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े राजस्व मामलों का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण और बंटवारे के मामले तीन माह से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। वहीं एक से दो वर्ष तथा दो से पांच वर्ष पुराने अभिलेख दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश एसडीएम को दिए।
स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी के निर्देश
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए ग्रामीण आबादी क्षेत्रों के सर्वे, अधिकार अभिलेख तैयार करने तथा पात्र हितग्राहियों को संपत्ति संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र ग्रामीणों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
किसानों से जुड़े कार्य भी समय-सीमा में पूरे करने पर जोर
कलेक्टर ने पीएम किसान ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा पात्र किसानों से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आमजन से जुड़ा हुआ है। राजस्व अधिकारियों की कार्यप्रणाली का सीधा प्रभाव नागरिकों की दैनिक समस्याओं और शासन की सेवाओं तक उनकी पहुंच पर पड़ता है। इसलिए अधिकारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, तहसीलदार वी.के. पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




