Bhopal MP:चित्रकूट नगर पंचायत भ्रष्टाचार मामला: पूर्व अध्यक्ष और तत्कालीन सीएमओ के खिलाफ अभियोजन की तैयारी!
भोपाल। चित्रकूट नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के मामले में अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त ने नगर पंचायत के तत्कालीन अध्यक्ष अशोक कुमार साहू और तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) भोला सिंह सेंगर के खिलाफ अभियोजन चलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में डीआईजी लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर अभियोजन की स्वीकृति मांगी है।
भ्रष्टाचार से लेकर कूटरचना और षड्यंत्र तक के आरोप
लोकायुक्त की विशेष पुलिस प्रतिवेदन में दोनों अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, दस्तावेजों की कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर अपराधों के प्रमाणित पाए जाने का उल्लेख किया गया है।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अलावा भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 और 468 (दस्तावेजों की कूटरचना), 471 (कूटरचित दस्तावेज का इस्तेमाल) तथा 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत दंडनीय अपराधों का उल्लेख किया गया है।
अभियोजन स्वीकृति के बाद आगे बढ़ेगी कार्रवाई
लोकायुक्त ने विभागीय स्तर पर अभियोजन स्वीकृति की मांग की है। अब नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्णय पर आगे की कानूनी प्रक्रिया निर्भर करेगी। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सकेगी।
चित्रकूट नगर पंचायत से जुड़े इस मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई ने एक बार फिर स्थानीय निकायों में वित्तीय पारदर्शिता और सरकारी पदों के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले में अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय के बाद ही मानी जाएगी।





