Mauganj MP:देवलहा प्रपात की झाड़ियों में मिला 12 वीं की 21 वर्षीय छात्रा का शव, शादी से इनकार पर हत्या का आरोप!
मऊगंज में सनसनीखेज घटना: दवा लेने का कहकर घर से निकली थी 21 वर्षीय शालिनी साकेत, परीक्षा से पहले उजड़ गया परिवार का सपना; घटनास्थल के पास घायल मिला युवक, रीवा रेफर
मऊगंज। जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित देवलहा प्रपात के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कक्षा 12वीं की परीक्षा देने की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा शालिनी साकेत का शव जंगल में झाड़ियों और चट्टानों के बीच मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस छात्रा को बुधवार को परीक्षा देने स्कूल पहुंचना था, उसकी जिंदगी परीक्षा से ठीक एक दिन पहले ही खत्म हो गई।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस को दुर्गम पहाड़ियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बाहर निकालना पड़ा। वहीं, घटनास्थल के आसपास ही एक युवक विकास साकेत घायल अवस्था में मिला, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। मृतका के पिता ने युवक पर शादी का दबाव बनाने और शादी से इनकार करने पर बेटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
दवा लेने निकली थी शालिनी, फिर बंद हो गया मोबाइल
जानकारी के मुताबिक, शालिनी साकेत हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी छोटी बहन को दवा लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम करीब 4 बजे जब पिता विष्णु प्रसाद साकेत ने उसे फोन लगाया तो मोबाइल बंद मिला। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि घर से निकली बेटी अब कभी वापस नहीं लौटेगी।
पिता का आरोप- शादी से इनकार बना हत्या की वजह!
मृतका के पिता विष्णु प्रसाद साकेत प्रयागराज में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देवगना निवासी विकास साकेत उर्फ एमपी उनकी बेटी पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। पिता के मुताबिक, शालिनी की शादी इसी महीने तिलक और आगामी अप्रैल में विवाह के लिए तय हो चुकी थी। आरोप है कि शादी से इनकार करने के कारण उनकी बेटी को मौत के घाट उतार दिया गया।
पिता ने इस मामले में युवक के साथ उसके संभावित सहयोगियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ये आरोप फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
रात 12 बजे दुर्गम पहाड़ियों से निकाला गया शव
नईगढ़ी थाने के एसआई पीडी सोनवंशी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अष्टभुजी माता मंदिर के पीछे जंगल में नाले के पास कोई व्यक्ति मदद के लिए चिल्ला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय चरवाहों की मदद से दुर्गम पहाड़ियों के बीच पहुंची। वहां विकास साकेत घायल अवस्था में मिला। इसके बाद आसपास तलाश की गई तो झाड़ियों और चट्टानों के बीच शालिनी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे शव को बाहर निकाला और रात लगभग ढाई बजे अस्पताल पहुंचाया।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस घायल युवक के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शालिनी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, युवक वहां घायल अवस्था में कैसे पहुंचा और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस बेटी के परिवार ने उसके भविष्य और शादी के सपने संजोए थे, उसकी परीक्षा से ठीक एक दिन पहले ऐसी दर्दनाक मौत कैसे हो गई? अब पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।





