Mauganj MP:10 हजार की इनामी महिला आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, हत्या के मामले में चल रही थी फरार; शाहपुर पुलिस ने घर से दबोचा!
मऊगंज। हत्या के आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को शाहपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे घेराबंदी के बीच गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को 30 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक मामला शाहपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। 1 मई 2026 को फरियादी कमलेश साहू, निवासी देवरा, थाना शाहपुर की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 151/26 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2), 191(2), 191(3) एवं 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रकरण में आरोपी कौशिल्या साहू, पति राजलाल साहू, उम्र 39 वर्ष, निवासी धन्नी टर्नी टोला, थाना मऊगंज अपने घर पर मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद शाहपुर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ और प्रकरण से संबंधित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी सची पाठक के मार्गदर्शन तथा शाहपुर थाना प्रभारी रामदीन सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी रामदीन सिंह सहित उपनिरीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगी।





