Mauganj MP:देवतालाब से मऊगंज तक भगवामय हुआ रास्ता, हेमंत खंडेलवाल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब।
पहली बार मऊगंज पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह जोरदार अभिनंदन।
विराट वसुंधरा/विनोद सिंह
मऊगंज। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सोमवार को पहली बार मऊगंज आगमन पर पार्टी ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। देवतालाब से मऊगंज तक सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम नजर आया। जगह-जगह स्वागत, पुष्पवर्षा और जयकारों के बीच प्रदेश अध्यक्ष का काफिला आगे बढ़ता रहा। उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रीवा से मऊगंज पहुंचने के दौरान देवतालाब में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक गिरीश गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने खंडेलवाल का भव्य अभिनंदन किया। इसके बाद वाहनों के लंबे काफिले के साथ प्रदेश अध्यक्ष मऊगंज की ओर रवाना हुए। बराब मोड़ पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कलश लेकर हुआ अभिनंदन।
शगुन पैलेस पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलश लेकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन और मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद हेमंत खंडेलवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना की। खंडेलवाल ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद उसके पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गांव-गांव में काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों की देखभाल मां की तरह कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके अनुभव भी सुने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मऊगंज की पहचान पर भी बोले प्रदेश अध्यक्ष।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मऊगंज में मिले आत्मीय स्वागत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं का उत्साह और अपनापन उन्हें अभिभूत करने वाला है। उन्होंने मऊगंज की पहचान देवतालाब के भगवान भोलेनाथ मंदिर, मां अष्टभुजा धाम और बहुती जलप्रपात जैसी ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरों से जोड़ते हुए क्षेत्र की विशिष्टता का उल्लेख किया।
गिनाई सरकार की योजनाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बेटियों और महिलाओं के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।
मंच पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने रखे विचार।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। रश्मि पाल ने बताया कि वह वर्ष 2017 से आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं और गांव-गांव जाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
इनकी रही मौजूदगी।
कार्यक्रम में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक देवतालाब गिरीश गौतम, विधायक प्रदीप पटेल, मनगवां विधायक इंजी. नरेंद्र प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे।





