---Advertisement---

Rewa MP:छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस पर फिल्मी अंदाज में हमला, आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ा ले गए बदमाश!

Google News
Follow Us
---Advertisement---
🕒 Updated: 02 Oct 2026, 04:32 PM

Rewa MP:छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस पर फिल्मी अंदाज में हमला, आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ा ले गए बदमाश!

 

 

रीवा/सीधी। मध्य प्रदेश में रीवा-सीधी जिले की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार सुबह ओडिशा पुलिस के काफिले पर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। पुलिस टीम ओडिशा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को प्रोडक्शन वारंट पर रीवा की अदालत में पेशी के लिए ला रही थी। इसी दौरान करीब एक दर्जन बदमाशों ने चार वाहनों से पुलिस की गाड़ियों को घेर लिया और आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए।

 

 

बताया जा रहा है कि वारदात सुबह करीब 11:30 बजे छुहिया घाटी में हुई। बदमाशों ने पहले पुलिस वाहनों को ओवरटेक कर रास्ता रोका और पीछे से भी वाहन लगाकर पुलिस टीम को घेर लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची/पेपर स्प्रे डालकर उन्हें असहाय करने का प्रयास किया गया।

 

 

बेसबॉल के बल्ले से तोड़े वाहन के कांच, फिर हुई फायरिंग
हमलावरों ने पुलिस वाहन के कांच बेसबॉल के बल्ले और डंडों से तोड़ दिए। इसके बाद फायरिंग कर वाहन के टायरों को निशाना बनाया गया। घटनास्थल से पुलिस को कारतूस के दो खोखे, एक फायर की गई गोली तथा बेसबॉल के बल्ले और डंडे मिले हैं। वाहन के बोनट पर गोली लगने के निशान भी मिले हैं।
हमले में एक पुलिसकर्मी के हाथ में वाहन का कांच लगने से चोट आने की जानकारी सामने आई है। सीधी एसपी संतोष कोरी के अनुसार, अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

 

 

कौन है आदित्य मिश्रा?

पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाया गया आदित्य पिता रामबहोर मिश्रा, उम्र करीब 29 वर्ष, मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के खंटखरी गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है और पुलिस उसे गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में तलाश रही थी।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस ने जून माह में रीवा पहुंचकर आरोपी की तलाश की थी। उसका लोकेशन रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित गड्डी रोड के आसपास मिला था। तत्कालीन थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय के सहयोग से ओडिशा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे ओडिशा ले जाया गया, जहां वह जेल में बंद था।
मंगलवार को उसे रीवा स्थित एनडीपीएस न्यायालय में प्रोडक्शन वारंट के तहत पेश किया जाना था। इसी दौरान छुहिया घाटी में पुलिस काफिले पर हमला कर उसे छुड़ा लिया गया।

 

 

रीवा के मनगवां और समान थाने में भी नाम सामने आया
जानकारी के अनुसार आदित्य मिश्रा का नाम रीवा जिले के मनगवां और समान थाना क्षेत्रों में दर्ज गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में भी सामने आया था।
समान थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में चार पहिया वाहन से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद होने के मामले में मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसका नाम सामने आने की बात कही गई है। वहीं मनगवां थाना क्षेत्र में भी गांजा बरामदगी के एक पुराने मामले में उसका नाम सामने आया था।
हालांकि, ओडिशा और समान थाने के रिकॉर्ड में आरोपी के पिता के नाम को लेकर अंतर होने की बात भी सामने आई है। इस वजह से मामले की कानूनी प्रक्रिया और पहचान संबंधी रिकॉर्ड को लेकर पुलिस स्तर पर स्थिति अलग-अलग रही।

 

 

क्या पहले से तैयार थी भागने की योजना?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस तरीके से हमले को अंजाम दिया गया, उससे आरोपियों द्वारा पहले से तैयारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बदमाशों को पुलिस वाहन के रूट और संभावित समय की जानकारी होने की संभावना भी जांच के दायरे में है।
यह भी जांच का विषय है कि क्या आरोपी के किसी साथी ने ओडिशा से ही पुलिस टीम का पीछा किया था और रीवा लाए जाने की जानकारी अन्य साथियों तक पहुंचाई थी। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

 

 

आरोपी ने खुद कराया था प्रोडक्शन वारंट का आवेदन

इस मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि आदित्य मिश्रा को रीवा लाने के लिए प्रोडक्शन वारंट का आवेदन पुलिस की ओर से नहीं, बल्कि आरोपी की ओर से न्यायालय में लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।
न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी होने के बाद ओडिशा पुलिस आरोपी को रीवा के एनडीपीएस न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में हमला कर उसे छुड़ा लिया गया।
तीन जिलों में नाकाबंदी, मैहर की ओर भागने की सूचना
घटना की सूचना मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जानकारी में बदमाशों के मैहर की ओर भागने की बात सामने आई है। इसके बाद सीधी, रीवा और मैहर जिले में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई है। प्रमुख मार्गों, टोल प्लाजा और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 

 

पुलिस के लिए चुनौती बना सुनियोजित हमला

छुहिया घाटी जैसी पहाड़ी सड़क पर पुलिस टीम को घेरकर हमला करना और अभिरक्षा में मौजूद आरोपी को छुड़ाकर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस फरार आरोपी आदित्य मिश्रा और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश पर है।
सीधी एसपी संतोष कोरी के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कौन-कौन लोग शामिल थे, उन्हें आरोपी के रूट की जानकारी कैसे मिली और वारदात की पूरी साजिश किस स्तर पर तैयार की गई थी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

October 8, 2026

October 7, 2026

Leave a Comment