SINGRAULI NEWS: कलेक्टर! चिलचिलाती गर्मी में बच्चों की सेहत खतरे में, छुट्टी की मांग बढ़ी
SINGRAULI NEWS: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। सुबह 8 बजे से तेज धूप शुरू हो जाती है और दोपहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है। इसके बावजूद, कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों के लिए स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ रही है।
छोटे बच्चों (नर्सरी से 5वीं कक्षा तक) को भले ही छुट्टी दे दी गई हो, लेकिन बड़े बच्चे इस चिलचिलाती गर्मी में स्कूल जाने को मजबूर हैं। अभिभावकों का कहना है कि सुबह 7:30 बजे स्कूल खुलने का समय तय होने के बावजूद, बच्चों को तैयार होने, स्कूल छोड़ने और वापस लाने में तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर होते-होते तापमान और भी बढ़ जाता है, जिससे बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ने का खतरा है। मिश्रा पाली क्लीनिक के डायरेक्टर डॉ. डीके मिश्रा के मुताबिक, चिलचिलाती गर्मी में बच्चों और बड़ों दोनों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। सेहत को सुरक्षित रखने के लिए खूब पानी पिएं, धूप से बचें, हल्के कपड़े पहनें और दोपहर में बाहर जाने से बचें। पेरेंट्स ने एडमिनिस्ट्रेशन से क्लास 6 से 12 तक के स्टूडेंट्स को टेम्पररी छुट्टी देने या ऑनलाइन क्लास चलाने की मांग की है।





