Mauganj news:आरोपियों को हनुमना न्यायालय ले जाया गया, डंडे और पत्थर बरामद!

Mauganj news:आरोपियों को हनुमना न्यायालय ले जाया गया, डंडे और पत्थर बरामद!
गड़रा हिंसा के 14 आरोपी कोर्ट में पेश, भेजा गया जेल, 7 पुलिस अभिरक्षा में
मऊगंज . गड़रा कांड में पुलिस ने बड़ी संख्या में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे और पत्थर बरामद किए गए हैं। कुछ आरोपी अभी भी पुलिस अभिरक्षा में हैं। उनको शनिवार को पुलिस न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस अभी तक 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने शुक्रवार को 14 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। इससे पूर्व आरोपियों को लेकर पुलिस गांव गई जहां उनकी निशानदेही पर पत्थर, डंडे बरामद किए, जिनका इस्तेमाल आरोपियों ने हमले में किया था। उसके बाद शाम को उन्हेें हनुमना न्यायालय में लाकर पेश किया गया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया है। इससे पूर्व पुलिस 18 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर चुकी है। नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण बंदी गृह में रखा गया है। अभी सात आरोपी पुलिस की अभिरक्षा में हैं। इसमें दो महिलाएं भी हैं। उक्त आरोपियों को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। हत्याकांड में 50 आरोपी हैं। कई की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
अलग-अलग जेलों में किया जा रहा शिफ्ट
इस घटना के आरोपियों को अलग-अलग जेलों में शिट किया जा रहा है। पहले दिन पकड़े गए सात आरोपियों को मऊगंज जेल भेजा गया था, लेकिन दूसरे दिन 11 आरोपियों को केन्द्रीय जेल रीवा लाया गया था। इसके अतिरिक्त त्योंथर, शहडोल सहित दूसरी जिलों में भी सुरक्षा की दृष्टि से शिफ्ट किया जाएगा ताकि जेल के अंदर उनके साथ कोई घटना न हो जाए।
रेहड़ा जंगल में पुलिस की दबिश, भाग निकले आरोपी
इस हत्याकांड के कई आरोपी शाहपुर थाने के रेहड़ा जंगल में छिपे हुए थे। इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रेहड़ा जंगल में दिनभर सर्चिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। जंगल में आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए। दिनभर सर्चिंग के बाद शाम को पुलिस बैरंग लौट आई। आशंका जताई जा रही कि पुलिस की गाडिय़ां देखकर आरोपी दूसरी ओर भाग गए।