Rewa MP:जमानत के बाद भी ‘आजादी’ के लिए 1500 की बोली, बाल सुधार गृह में रिश्वत का खेल बेनकाब!
पैसे न देने पर नाबालिग को घंटों बंधक रखा, कैमरा ऑन होते ही बदले सुर; वीडियो वायरल से मचा हड़कंप
रीवा। बाल सुधार गृह में कानून शर्मसार हो गया। न्यायालय से जमानत मिलने के बावजूद 16 वर्षीय नाबालिग को छोड़ने के एवज में कर्मचारियों ने 1500 रुपये की रिश्वत मांगी। पैसे न देने पर बच्चे को शाम से रात तक बंधक बनाकर रखा गया।
पीड़ित पिता नरेंद्र दाहिया का आरोप है कि बेटे की रिहाई के लिए वह घंटों गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने दो टूक कहा- ‘पैसे लाओ, बच्चा ले जाओ’। मामला तब पलटा जब मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू किया। कैमरा ऑन होते ही कर्मचारियों के तेवर नरम पड़ गए और बिना एक रुपया लिए नाबालिग को तुरंत रिहा कर दिया। वीडियो में परिजन कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते साफ दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी संस्था में अवैध वसूली और अव्यवस्थाओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद बाल सुधार गृह की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।





